पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर कैंट पुलिस ने ₹54 करोड़ के GST घोटाले के मास्टरमाइंड जसप्रीत सिंह को पंजाब से गिरफ्तार किया। फर्जी फर्म बनाकर राजस्व को चपत लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
वाराणसी | पुलिस आयुक्त वाराणसी के कुशल नेतृत्व में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने आर्थिक अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कैंट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने संगठित अंतर्राज्यीय GST फ्रॉड करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए ₹25,000 के इनामिया मुख्य अभियुक्त को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस संगठित गिरोह ने फर्जी इनवॉयस और कागजी फर्मों के माध्यम से सरकारी खजाने को लगभग ₹54 करोड़ (चौवन करोड़ रुपये) की भारी क्षति पहुंचाई है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
अभियुक्तों का नेटवर्क बेहद शातिर तरीके से काम करता था। GST फ्रॉड को अंजाम देने के लिए गिरोह निम्नलिखित तरीके अपनाता था: फर्जी फर्मों का निर्माण: कागजों पर ऐसी फर्में बनाई जाती थीं जिनका वास्तविकता में कोई अस्तित्व नहीं था।बिना माल के इनवॉयस: बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त के GST पोर्टल पर फर्जी बिल तैयार किए जाते थे। फर्जी ITC का लाभ: रजिस्टर्ड कंपनियों को लोहा और स्क्रैप बेचना दिखाकर अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ दिलाया जाता था।
वाराणसी की थाना कैंट पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस अंतर्राज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड का पीछा किया। वांछित अभियुक्त जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले से विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त का विवरण: नाम: जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा (उम्र 26 वर्ष) पता: कोटला डढेरी, थाना मंडी गोविंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब। इनाम: ₹25,000/-
अभियुक्त के पास से पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का भंडार बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं : लैपटॉप और टैबलेट, कई मोबाइल फोन, फर्जी फर्म ‘A/S Works’ से संबंधित दस्तावेज, बैंकिंग सामग्री और पहचान पत्र।
इस बड़े खुलासे में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा (थाना कैंट) और उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह (SOG प्रभारी) की टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में उ०नि० अभिषेक सिंह, आरक्षी आलोक मौर्य, दिनेश कुमार और उपेंद्र कुमार यादव शामिल रहे।



