सिगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर के साथ निकाला था जुलूस
varanasi news: वाराणसी: शांति और सौहार्द के लिए जाने वाले शहर वाराणसी में साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश के मामले में सिगरा पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। बिना किसी पूर्व अनुमति के जुलूस निकालकर अराजकता फैलाने और यातायात बाधित करने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों ने ‘आई लव मोहम्मद’ (I Love Mohammad) लिखा हुआ बैनर और पोस्टर लेकर डीजे के साथ जुलूस निकाला था।
क्या है पूरा मामला? – यह घटना 22 सितंबर 2025 की है, जब लल्लापुरा चौकी क्षेत्र में 15 से 20 अज्ञात लोग मुस्लिम समुदाय से संबंधित बैनर और पोस्टर, जिन पर “I LOVE MOHAMMAD” लिखा था, लेकर डीजे बजाते हुए जुलूस निकाल रहे थे। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की, जिससे इलाके में आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।

पुलिस के अनुसार, इस जुलूस को लेकर स्थानीय लोगों में काफी भय और आक्रोश व्याप्त हो गया था। आरोप है कि समुदाय विशेष के इन लोगों ने जानबूझकर यह नई परंपरा शुरू करने की कोशिश की, ताकि दूसरे समुदाय के लोगों पर अपना दबदबा और वर्चस्व कायम किया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कृत्य जानबूझकर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और क्षेत्र में अराजकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया था।
घटना से जुड़े वीडियो फुटेज मिलने के बाद सिगरा थाने में मु0अ0स0-0366/2025 धारा 299/196 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
8 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी शामिल – पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, काशी जोन के आला अधिकारियों के कुशल नेतृत्व में सिगरा पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्न प्रकार है :- सहाबुद्दीन अंसारी (30 वर्ष), शोवाले अंसारी (24 वर्ष), साहिल जमाल (26 वर्ष), सरफराज अहमद (22 वर्ष), वसीम (30 वर्ष), इश्तियाक अहमद (27 वर्ष), मोहम्मद इमरान अंसारी (22 वर्ष), एक बाल अपचारी (उम्र करीब 17 वर्ष)।
इन सभी को धारा-170/126/135 बी०एन०एस०एस० के तहत शान्ति भंग के आरोप में लल्लापुरा क्षेत्र से 26 सितंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से दो अदद साउण्ड ब्लूतूथ यूनिवर्सल कंपनी के बरामद किए हैं। सिगरा पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रशान्त शिवहरे, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, और अन्य कर्मचारियो की टीम ने इस सराहनीय कार्य को अंजाम दिया है।




