फ्लैट के मालिक अरूण यादव ने बीएम ब्रेकिंग न्यूज को दी अहम जानकारी
विनय यादव
वाराणसी। शहर की शांति व्यवस्था को चुनौती दे रहे अवैध गतिविधियों पर एक बार फिर पुलिस का डंडा चला है। सोमवार देर रात, वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। शहीद उद्यान के सामने स्थित कन्हैया लाल सर्राफ वाली बिल्डिंग में सिगरा पुलिस और एसओजी-2 ने संयुक्त रूप से छापेमारी की, जिसके बाद किराये के फ्लैट से संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में मौके से 5 महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
चर्चा का केंद्र बना फ्लैट मालिक का नाम – यह कार्रवाई केवल इसलिए चर्चा में नहीं है कि थाना सिगरा व एसओजी-2 ने किया किराये के फ्लैट से संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, बल्कि इसका मुख्य कारण फ्लैट का मालिक है। जिस फ्लैट से यह अवैध कार्य संचालित हो रहा था, वह चर्चित कांग्रेसी नेता अरुण यादव के नाम पर पंजीकृत है। यह फ्लैट उन्होंने अश्विनी त्रिपाठी नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। इस तथ्य के सामने आते ही यह खबर लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गई।
बरामद सामान और बड़े नेटवर्क के संकेत – पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से कई आपत्तिजनक और महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं, जिनमें यूज्ड कंडोम, मोबाइल फोन, डिजिटल डेटा और एक रजिस्टर शामिल है। यह रजिस्टर इस बात की पुष्टि करता है कि रैकेट चलाने वाले कई युवतियों को बाहर के जिलों से भी बुलाते थे। पुलिस का मानना है कि पकड़ी गई महिलाओं और बरामद डिजिटल डेटा की गहराई से पूछताछ और जांच के बाद इस सेक्स रैकेट से जुड़े बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना है।
स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतें और पुलिस की लंबी निगरानी के बाद ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बीएम ब्रेकिंग न्यूज को फ्लैट मालिक अरुण यादव ने दी अहम जानकारी – इस संवेदनशील मामले में, बीएम ब्रेकिंग न्यूज के द्वारा जब फ्लैट के मालिक अरूण यादव से टेलीफोन पर वार्ता की गयी तो उन्होंने खुद सामने आकर अहम जानकारी साझा की।
अरुण यादव ने बताया, “उक्त फ्लैट एक ब्रोकर के माध्यम से किराए पर अश्विनी त्रिपाठी को दिया गया था, जिसका विधिवत किरायेदारी का एग्रीमेंट भी मौजूद है। हालांकि, किराएदार द्वारा समय से किराया भी नहीं दिया जा रहा था, जिसके चलते विगत 6 माह से ही मैंने उन्हें फ्लैट खाली करने के लिए कह दिया था, परन्तु उनके द्वारा फ्लैट खाली नहीं किया गया।”
उन्होंने इस घटना पर खेद व्यक्त किया और अपनी पत्नी शालिनी यादव का नाम अनावश्यक रूप से घसीटे जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त फ्लैट के कानूनी रूप से तन्हा मालिक वह स्वयं हैं।
शहर के अन्य स्पा सेंटरों पर भी पुलिस की निगरानी – पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई शहर में सक्रिय अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पकड़ी गई युवतियों से मिली जानकारी के आधार पर, अब शहर के महमूरगंज, भेलूपुर, कैंट, शिवपुर और लंका क्षेत्र में स्थित कई स्पा सेंटरों पर भी पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी बढ़ा दी गई है।
थाना सिगरा में इस मामले के संबंध में मुअसं. 464/2025 के तहत, वादी मुकदमा एसीपी चेतगंज ईशान सोनी के द्वारा अनैतिक व्यापार से संबंधित विभिन्न धाराओं में अश्विनी त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।







