रामनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: 25950 शीशी नशीला कफ सिरप के अवैध भण्डारण का भंडाफोड़

वाराणसी : वाराणसी में अपराधों पर नकेल कसने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत, थाना रामनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रामनगर पुलिस द्वारा सूजाबाद आर्मी ग्राउण्ड के पास एक अवैध गोदाम से 173 पेटी में नशीला कफ सिरप ESkuf Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride सीरप 100 एमएल की कुल 25950 शीशी बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग ₹60 लाख है।

इस बड़ी कार्रवाई में, गोदाम की देखरेख कर रहे एक अभियुक्त राहित कुमार वर्मा को एक टाटा एस (ONE TATA ACE) वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

कैसे हुआ नशीला कफ सिरप का खुलासा? – यह बड़ी कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशानुसार, पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली व प्रभारी निरीक्षक रामनगर के कुशल नेतृत्व में दिनांक 09.12.2025 को अंजाम दी गई।

दरअसल, रोहनिया थाना क्षेत्र के उ०नि० दिनेश सिह से मिली गुप्त सूचना पर थाना रामनगर पुलिस की टीम, जिसमें उप निरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय (चौकी प्रभारी सूजाबाद) और अन्य साथी शामिल थे, सूजाबाद आर्मी ग्राउण्ड के पास एक संदिग्ध गोदाम पर पहुँची।

गोदाम का ताला तोड़ने पर, पुलिस बल ने अंदर भारी मात्रा में कार्टून/गत्ते रखे हुए देखे। मौके पर उपस्थित औषधि निरीक्षक चन्द्रेश द्विवेदी के सामने जब इन पेटियों को खोला गया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 173 पेटी में नशीला कफ सिरप ESkuf Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride सीरप (100 एमएल) की कुल 25950 शीशी बरामद हुईं। इन शीशियों में कोडीन नामक प्रतिबंधित और नशीला पदार्थ मौजूद था, जिसका अवैध भण्डारण किया जा रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त और मास्टरमाइंड का विवरण – थाना रामनगर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए, गोदाम की देखरेख कर रहे राहित कुमार वर्मा पुत्र रामप्रवेश वर्मा (निवासी सूजाबाद, उम्र करीब 32 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में, राहित कुमार वर्मा ने बताया कि वह मनोज यादव नामक व्यक्ति के गोदाम की देखरेख करता था। उसने कबूल किया कि मनोज यादव और उसका बेटा लक्ष्य यादव मिलकर इस नशीला कफ सिरप का भण्डारण करते थे और यहीं से इसकी अवैध सप्लाई को अंजाम दिया जाता था।

बरामदगी का विवरण –

वस्तु का विवरणमात्राअनुमानित मूल्य
नशीला कफ सिरप ESkuf Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride सीरप (100 एमएल)173 पेटी (कुल 25950 शीशी)लगभग ₹60 लाख
वाहनONE TATA ACE टाटा कंपनी का

गिरफ्तार अभियुक्त राहित कुमार वर्मा के विरुद्ध थाना रामनगर में मु०अ०सं०- 0313/2025 धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दो वांछित अभियुक्त फरार – इस अवैध तस्करी के मुख्य मास्टरमाइंड माने जा रहे दो वांछित अभियुक्त अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में थाना रामनगर पुलिस सक्रिय रूप से जुटी हुई है:

  1. मनोज कुमार यादव पुत्र भोला नाथ यादव
  2. लक्ष्य यादव पुत्र मनोज यादव

थाना रामनगर पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, थाना रामनगर, उ0नि0 प्रशांत पाण्डेय (चौकी प्रभारी सूजाबाद), थाना रामनगर, उ०नि० हरेन्द्र सिह, उ0नि0 पंकज मिश्रा, हे0का0 मनीष कुमार यादव व का0 बृजेश राय (सभी थाना रामनगर), उ0नि0 दिनेश सिह, हे०का अखिलेश कुमार व का0 रानू कुमार (सभी थाना रोहानिया) शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *