वाराणसी: धर्म नगरी काशी के विश्वप्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर सोमवार को उस समय भारी तनाव व्याप्त हो गया जब अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी मूर्ति में तोड़फोड़ की सूचना आग की तरह फैल गई। इस खबर के बाद पाल समाज के लोग आक्रोशित हो गए और घाट पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

खबर मिलते ही पाल समाज के करीब 30 से 35 लोग मणिकर्णिका घाट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाली मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। स्थिति तब बिगड़ गई जब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। पुलिस ने मौके से करीब 20-25 लोगों को हिरासत में लिया है।

इस पूरे प्रकरण पर पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर मणिकर्णिका घाट से जुड़ी भ्रामक तस्वीरें और पोस्ट वायरल की जा रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आयुक्त वाराणसी के आदेशानुसार, अफवाह फैलाने के आरोप में चौक थाने में 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। इन नामजद आरोपियों को 72 घंटे के भीतर थाने में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का अल्टीमेटम दिया गया है।

मणिकर्णिका घाट मामले ने अब सियासी रंग भी ले लिया है। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और कांग्रेस नेता पप्पू यादव समेत कई अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं। इन पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस की विशेष टीमें और सोशल मीडिया सेल 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। आपत्तिजनक या भ्रामक कंटेंट पोस्ट करने वालों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी।

वर्तमान में मणिकर्णिका घाट पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल मुस्तैद है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शहर में शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *