वाराणसी। शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस लगातार जमीन पर उतरकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक चेतगंज द्वारा मय हमराह पुलिस बल के साथ लहुराबीर चौराहे से लेकर अंधरापुल तक सघन अतिक्रमण अभियान और पैदल गस्त चलाई गई, जिससे अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।
इन प्रमुख क्षेत्रों में चला चेकिंग और गस्त अभियान – क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए प्रभारी निरीक्षक चेतगंज ने पुलिस टीम के साथ लहुराबीर चौराहे से गस्त शुरू की। यह पैदल गस्त प्रदीप होटल तिराहा, अमर उजाला तिराहा, तेलियाबाग चौराहा, चौका घाट, आंध्रा पुल और मरी माई तिराहा होते हुए पुनः तेलियाबाग और चौकाघाट तक की गई।
गस्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक चेतगंज और पुलिस बल ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से संवाद किया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग भी की गई।
सघन अतिक्रमण अभियान से सड़कों को कराया मुक्त – पैदल गस्त के साथ-साथ पुलिस ने सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में तेलियाबाग चौकी प्रभारी अली अतहर, लहुराबीर चौकी इंचार्ज सतेंद्र यादव व संदीप चौरसिया के साथ सघन अतिक्रमण अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, ठेले-खोमचे और दुकानों के बाहर निकले हुए सामानों को हटवाया गया। पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो संबंधित के खिलाफ दंडात्मक विधिक कार्यवाही की जाएगी।
सुरक्षा और यातायात पर पुलिस का जोर – इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चौकाघाट, अंधरापुल और तेलियाबाग जैसे व्यस्त इलाकों में लगने वाले जाम से जनता को निजात दिलाना था। प्रभारी निरीक्षक चेतगंज ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार यह पैदल गस्त और अतिक्रमण विरोधी अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा ताकि शहर की कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रहे और आमजन को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
इस कार्यवाही में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा, जिसने मरी माई तिराहे से लेकर अंधरापुल तक के पूरे रूट को व्यवस्थित किया।





