संसद में गूँजेगी आयुष्मान कार्ड की खामियों की आवाज़, समाज सेवी सुबेदार यादव ने सांसद प्रिया सरोज से की मुलाकात
वाराणसी/नई दिल्ली (BM Breaking News): राजातालाब तहसील के अदमापुर महनाग के मूल निवासी और चर्चित समाज सेवी सुबेदार यादव ने देश के करोड़ों गरीबों के स्वास्थ्य हक के लिए दिल्ली के संसद भवन में दस्तक दी है। आयुष्मान कार्ड में आ रही तकनीकी खामियों और इलाज में हो रही दिक्कतों को लेकर समाज सेवी सुबेदार यादव ने जौनपुर सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात कर संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की पुरजोर मांग की है।
आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी बेचनी पड़ रही है जमीन: सुबेदार यादव – समाज सेवी सुबेदार यादव ने बेहद भावुक होते हुए बताया कि सरकार का दावा है कि आयुष्मान कार्ड से गरीबों का मुफ्त इलाज होता है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने अपने फुफा बाबूराम यादव (निवासी: छिऊलियां, पिंडरा) का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें अपने इलाज के लिए अपनी पाँच बिस्सा जमीन तक बेचनी पड़ी। समाज सेवी सुबेदार यादव ने सवाल उठाया कि “आखिर यह कार्ड कब काम आएगा?” अगर कार्ड होने के बावजूद गरीबों को कर्ज लेना पड़े या जमीन बेचनी पड़े, तो इसके होने का क्या लाभ?
बुजुर्ग माता-पिता के इलाज के लिए PMO के बाद अब संसद की शरण – हाल ही में समाज सेवी सुबेदार यादव अपने 80 वर्षीय बुजुर्ग माता-पिता (माता सोमारी देवी और पिता संग्राम यादव) के साथ वाराणसी के भेलूपुर स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) भी पहुंचे थे। उनकी माता सोमारी देवी की बाईं आंख की रोशनी चली गई है। डॉक्टर ने 20-20 हजार के दो इंजेक्शन बताए हैं, लेकिन आयुष्मान कार्ड से इसे कवर करने से मना कर दिया गया।
समाज सेवी सुबेदार यादव का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नाम पत्र लिखकर गुहार लगाई थी, लेकिन कोई सुनवाई न होने पर उन्हें जौनपुर सांसद प्रिया सरोज के पास जाना पड़ा।
सांसद प्रिया सरोज से बड़ी मांग: आयुष्मान कार्ड में हो तत्काल संशोधन – संसद भवन में मुलाकात के दौरान समाज सेवी सुबेदार यादव ने सांसद प्रिया सरोज से आग्रह किया कि वह संसद सत्र के दौरान इस गंभीर विषय को उठाएं। उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं: आयुष्मान कार्ड में तत्काल संशोधन किया जाए ताकि सभी गंभीर बीमारियों का इलाज संभव हो। बुजुर्गों के लिए इंजेक्शन, ऑपरेशन और सभी प्रकार की जांचों को कार्ड में शामिल किया जाए। इलाज के नाम पर गरीबों को जमीन बेचने और कर्ज लेने से बचाया जाए।
समाज सेवी सुबेदार यादव ने स्पष्ट कहा कि यह केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की समस्या है। अब देखना यह है कि क्या सरकार इस मानवीय अपील पर ध्यान देकर आयुष्मान योजना की विसंगतियों को दूर करती है।





