वाराणसी। आज दिनांक 13.03.2026 को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल (Police Commissioner Mohit Agarwal) ने अलविदा की नमाज के अवसर पर वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था का खुद मोर्चा संभाला। शहर में शांति, साम्प्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने वाराणसी के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का व्यापक भ्रमण किया और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।

ड्रोन और सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर नजर – पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देशन में पूरे वाराणसी कमिश्नरेट में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने बताया कि शहर की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हाई-टेक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

नदेसर से दालमंडी और ज्ञानवापी तक पैदल गश्त – निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सबसे पहले नदेसर स्थित मस्जिद का दौरा किया। वहां उन्होंने नमाजियों से वार्तालाप कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इसके बाद, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल दालमंडी के संकरे इलाकों में पैदल भ्रमण पर निकले। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और नमाजियों से सीधा संवाद स्थापित किया और तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ज्ञानवापी मस्जिद परिसर भी पहुंचे। वहां उन्होंने नमाजियों से बातचीत की और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और महिला कमांडो की तैनाती ज्ञानवापी के साथ-साथ पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर से बांसफाटक तक पैदल गश्त करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को परखा। इस दौरान महिला सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए महिला कमांडो की भी तैनाती की गई, जो पूरे क्षेत्र में मुस्तैद दिखीं।

त्योहारों को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश – भ्रमण के अंत में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन स्थित आवासीय क्षेत्र और पुलिस भर्ती के लिए बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी अधिकारी अधिक सतर्कता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *