वाराणसी: उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। कैण्ट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन में महिला पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
“जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत हुई कार्रवाई – पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैण्ट के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई। अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुए कैण्ट थाना प्रभारी की टीम ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
क्या था पूरा मामला? – घटना 11 अप्रैल 2026 की है, जब नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन के कमरा नंबर 307 में ठहरे एक युवक और युवती के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने युवती पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी युवक घायल युवती के गले में तौलिया लपेटकर “चोट लगी है” कहते हुए होटल से बाहर निकल गया।
सिंह हॉस्पिटल, सिगरा से प्राप्त मेमो और वादिनी (युवती की माँ) द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कैण्ट कमिश्नरेट वाराणसी में मुकदमा संख्या 176/2026 धारा 109 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सैनिक अस्पताल के पास से हुई गिरफ्तारी – प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिनांक 13.04.2026 को दोपहर 01:30 बजे सैनिक अस्पताल के पास से अभियुक्त को घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शुभम राय पुत्र मनबोध सिंह (निवासी चकलोला, थाना कपसेठी, वाराणसी) के रूप में हुई है।
अभियुक्त के पास से बरामदगी: पुलिस ने अभियुक्त के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किया है : 01 अदद अवैध पिस्टल (.32 बोर), 01 अदद जिंदा कारतूस (.32 बोर), 01 अदद खोखा कारतूस, 1060/- रुपये नगद, 01 एण्ड्रायड मोबाइल।
इस सफल गिरफ्तारी और बरामदगी में थाना कैण्ट कमिश्नरेट वाराणसी की टीम की मुख्य भूमिका रही, जिसमें शिवाकान्त मिश्र (प्रभारी निरीक्षक, थाना कैण्ट), उ0नि0 सत्यम कुमार चौरसिया, उ0नि0 सुमित पाण्डेय (चौकी प्रभारी नदेसर), हे0का0 शनि विश्वकर्मा, का0 दुर्गेश कुमार शामिल थे।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित कर रही है।




