वाराणसी: शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त वाराणसी के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण आरटीसी रूट (रिड्यूस ट्रैफिक कंजेशन रूट) पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कड़ा प्रहार किया गया।
RTC रूट पर सघन चेकिंग अभियान – यातायात को सुगम बनाने के लिए पुलिस आयुक्त द्वारा चलाये जा रहे अभियान के दृष्टिगत प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस ने कमर कस ली है। इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पाण्डेयपुर से पहाड़िया और लालपुर तक के मुख्य मार्गों पर बिना नंबर प्लेट और गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोर्चा खोला।
पुलिस आयुक्त के इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस टीम ने आरटीसी रूट पर मुस्तैदी दिखाई, जिससे यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
26 वाहन सीज, 2.5 लाख से अधिक का समन शुल्क – चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई का विवरण निम्नवत है : सीज किए गए वाहन: कुल 26 दोपहिया वाहनों को मौके पर सीज किया गया। चालान की कार्रवाई: 45 वाहनों के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटा गया। लगाया गया जुर्माना: कुल 2,57,000.00 रुपये (दो लाख सत्तावन हजार) का समन शुल्क आरोपित किया गया।
इन अधिकारियों ने संभाली कमान – पुलिस आयुक्त वाराणसी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस सफल अभियान में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर की पूरी टीम सक्रिय रही : प्रभारी निरीक्षक: राजीव कुमार सिंह, चौकी प्रभारी पाण्डेयपुर: उ0नि0 दिनेश सिंह, चौकी प्रभारी पहाड़िया: महेश मिश्र, चौकी प्रभारी लालपुर: श्यामनारायण, इसके साथ ही भारी संख्या में अन्य उप-निरीक्षक और पुलिस कर्मचारीगण मौजूद रहे।
सड़कों पर अनुशासन लाने की कोशिश – पुलिस आयुक्त का यह अभियान उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाते हैं या रॉन्ग साइड ड्राइविंग करके दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरटीसी रूट पर ट्रैफिक कंजेशन को कम करने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।




