वाराणसी। उत्तर प्रदेश के धर्म नगरी काशी में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट अभियान लगातार एक्टिव मोड में है। पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे इसी विशेष अभियान के तहत चेतगंज और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने न केवल 27 जून को हुई ₹5 लाख की सनसनीखेज लूट का शत-प्रतिशत खुलासा किया, बल्कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को दबोचते हुए कुल 8 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के कुशल नेतृत्व में सर्विलांस सेल व सीसीटीवी कैमरों की मदद से अंजाम दी गई।

क्या थी लूट की घटना? = घटना बीते 27 जून 2026 की है। वादी मुकदमा नदेसर इलाके से अपने एक मित्र के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था। उसने अपने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए नदेसर से ₹5 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे एक कपड़े के झोले में रखकर स्कूटी के आगे रखा हुआ था। तभी रास्ते में बाटी चोखा रेस्टोरेंट के पास घात लगाए बैठे तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने झोला लूटा और रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मु0अ0सं0-163/2026 धारा 309(4), 310(2), 317(2), 61(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

लकी मैदान के पास मुठभेड़, आरोपी ने चलाई गोली = वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट अभियान के तहत सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस टीम 5 और 6 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे रामनगर के लंका मैदान और बंदरगाह रोड (भिट्टी) के पास पहुंची। घेराबंदी देखकर आरोपियों में खलबली मच गई। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य अभियुक्त आकाश सेठ के बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

मुखबिरी और रेकी का था पूरा खेल = पूछताछ में पता चला कि इस पूरी घटना की बाकायदा रेकी की गई थी। अभियुक्त प्रद्युम्न यादव ने अपने साथी गोविंद को और आशीष मौर्या ने मुख्य शूटर आकाश सेठ को वादी मुकदमा के आने-जाने और पैसों के मूवमेंट की सटीक टाइमिंग दी थी। इसी सटीक मुखबिरी के आधार पर इस बड़ी लूट को अंजाम दिया गया था।

बरामदगी का विवरण = पुलिस टीम ने लुटेरों के पास से शत-प्रतिशत माल और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किए हैं : लूटी गई रकम: ₹5,00,000 (पाँच लाख रुपये नगद – 100% बरामदगी), अवैध असलहा: 01 पिस्टल और 02 खोखा कारतूस, वाहन: घटना में प्रयुक्त 01 स्विफ्ट कार और 01 बुलेट मोटरसाइकिल

गिरफ्तार अभियुक्तों की कुंडली = पकड़े गए आरोपियों में से कई का लंबा आपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की सूची इस प्रकार है : आकाश सेठ (उम्र 31 वर्ष) – निवासी: नवापुरा, दारानगर, कोतवाली, वाराणसी (हाफ एनकाउंटर में घायल, इसके खिलाफ वाराणसी और जौनपुर में गैंगस्टर सहित 6 मामले दर्ज हैं)। आशीष मौर्य (उम्र 26 वर्ष) – निवासी: शिवरामपुर, गोसाईंपुर, चोलापुर, वाराणसी (3 आपराधिक मामले दर्ज)। सिपाही उर्फ विजय यादव (उम्र 23 वर्ष) – निवासी: बसारिकपुर, चंदौली। आकाश यादव (उम्र 26 वर्ष) – निवासी: शास्त्री नगर, चंदौली। प्रद्युम्न यादव (उम्र 24 वर्ष) – निवासी: झांसी, चंदौली। गोविंद मौर्य (उम्र 26 वर्ष) – निवासी: झांसी, चंदौली। अमित कुमार (चालक) (उम्र 19 वर्ष) – निवासी: गाजीपुर/हाल पता चंदौली (2 मामले दर्ज)। जावेद अख्तर (उम्र 28 वर्ष) – निवासी: नसीरपुर, चंदौली।

सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹25,000 का इनाम = इस बेहद पेचीदा और सनसनीखेज मामले का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करने वाली संयुक्त पुलिस टीम की हर तरफ सराहना हो रही है। इस शानदार कामयाबी पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन महोदय ने पूरी टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹25,000 नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

    इस सफल ऑपरेशन को चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र, सब-इंस्पेक्टर अली अतहर, विकल शांडिल्य, वैभव शुक्ला, विकास मिश्रा, संदीप कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, आदित्य कुमार राय और सर्विलांस सेल के सिपाही प्रशांत तिवारी, अश्वनी सिंह व अनुपम सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मिलकर अंजाम दिया।

    वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट अभियान के तहत शहर में अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई साफ संदेश है कि काशी की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *