वाराणसी : वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस, अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार सफलताएं हासिल कर रही है। इसी क्रम में, सिगरा पुलिस ने एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी किए गए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी भी बरामद कर ली।

पुलिस आयुक्त के दिशा निर्देशों पर, पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के कुशल नेतृत्व में, सिगरा थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या- 0215/2025 धारा 305(a), 317(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त शिवम उपाध्याय (उम्र करीब 25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। शिवम, वेद प्रकाश उपाध्याय का पुत्र है और मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के ग्राम विशेषपुर माफी, नरायनपुर का निवासी है। उसे आज 22 जुलाई 2025 को एनईआर पार्किंग, थाना क्षेत्र सिगरा से दबोचा गया।

वादी मुकदमा ने 12 जून 2025 को सिगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 28 मई 2025 की शाम करीब 7 बजे उनके आवास पर डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर घर में चोरी को अंजाम दिया गया। चोरों ने दराज में रखे 1,75,000/- रुपये नगद, 18 ग्राम की एक सोने की चेन, 22 ग्राम का एक सोने का ब्रेसलेट, एक पोखराज की सोने की अंगूठी, एक डायमंड रिंग (सोने में), और कुछ अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज़ चुरा लिए थे। इसके अलावा, आवेदक को उनके मृतक भाई नरायन प्रकाश माटा से वसीयत और बंटवारे में मिली बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (रजि. नं. UP 65 BQ 7770) भी उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी।

सिगरा पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने कड़ी मेहनत की और पाया कि इस चोरी के पीछे कोई और नहीं, बल्कि वादी के यहाँ डेढ़ महीने पहले (12 अप्रैल 2025 तक) काम करने वाला शिवम उपाध्याय ही था। शिवम को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल, नकदी और चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। बरामद किए गए आभूषणों की कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये और नगद 1,15,720 रुपये है।

गिरफ़्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में संजय कुमार मिश्र, प्रभारी निरीक्षक, थाना सिगरा, उ.नि. विकल शांडिल्य, चौकी प्रभारी काशी विद्यापीठ, उ.नि. पुष्कर दुबे, चौकी प्रभारी रोडवेज, कांस्टेबल नीरज मौर्या, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव, कांस्टेबल अखिलेश कुमार गिरि, कांस्टेबल प्रशांत तिवारी, सर्विलांस सेल शामिल रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *