थाना सिगरा व एसओजी 2 की कार्रवाई में हुआ बड़े जुआ के अड्डे का भंडाफोड़, कार्यालय पुलिस उपायुक्त, अपराध ने जारी किया प्रेसनोट
वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता मिली है। वाराणसी पुलिस और SOG-2 की संयुक्त टीम ने थाना सिगरा क्षेत्र के रथयात्रा इलाके में एक घर में चल रहे बड़े जुए के अड्डे पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 47 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 21 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।

छापेमारी की मुख्य बातें और बरामदगी = अपराध एवं जुआ खेलने की गतिविधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, पुलिस उपायुक्त (अपराध) के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई। 16 सितंबर 2026 को कमिश्नरेट वाराणसी SOG-2 की संयुक्त टीम एवं थाना सिगरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रथयात्रा, सिगरा स्थित केशव पान भंडार के पास मकान संख्या D 59/1 E (D कुसुमकुंज) पर दबिश दी। गिरफ्तार अभियुक्त: 47 जुआरी, कुल बरामद नकद: ₹21,11,965/- (माल फड़ से ₹19,53,455/- और जामा तलाशी से ₹1,58,510/-), मोबाइल फोन: 53 अदद, ताश की गड्डियां व पत्ते: 52 अदद खुले ताश के पत्ते और 10 अदद नई ताश की गड्डियां।
पुलिस द्वारा की गई विधिक कार्रवाई = मौके पर घेराबंदी कर पकड़े गए सभी 47 आरोपियों के खिलाफ थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 401/2026, धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद सभी सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर नियमानुसार चिटबन्दी और सील करने की कार्रवाई पूरी कर ली है। वाराणसी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य जुआरियों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली SOG-2 टीम और थाना सिगरा पुलिस टीम के सदस्यों SOG-2 टीम से उ0नि0 पंकज सिंह चौहान (प्रभारी SOG-2), हे0का0 बृज बिहारी ओझा, का0 आशीष कुमार सिंह, का0 आशुतोष सिंह, का0 कमल किशोर, का0 गौरव भारती व थाना सिगरा पुलिस टीम से प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र थाना सिगरा, उ0नि0 शिवम् चौकी प्रभारी नगर निगम, उ0नि0 पार्थ तिवारी चौकी प्रभारी काशी विद्यापीठ, उ0नि0 विवेक सिंह चौकी प्रभारी सोनिया, उ0नि0 भरत भट्ट, उ0नि0 सलमान खान के साथ ही पुलिसकर्मी शामिल रहे।


