वाराणसी (बीएम ब्रेकिंग न्यूज): उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को पूरी तरह सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। निर्धारित विभागीय कार्ययोजना के क्रम में मिशन शक्ति फेज के तहत कमिश्नरेट वाराणसी के समस्त थानों की महिला बीट प्रभारी व महिला बीट कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के ग्राम, वार्ड और न्याय पंचायतों में विशेष भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जनचौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा सशक्तीकरण को लेकर विस्तार से बातचीत की गई।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी = जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने शासन और पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित समस्त योजनाओं और प्रबंधों की विशेष जानकारी दी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए जारी किए गए प्रमुख हेल्प लाइन नंबरों जैसे : 1090 (विमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन), 112 / 100 (आपातकालीन सेवा), 102 / 181 / 1076 के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही प्रिंटेड और ऑनलाइन पम्फलेट भी वितरित किए गए।

प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा और अभियान = शारदीय नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति फेज के अंतर्गत विभिन्न प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें : भव्य पैदल मार्च, महिला सुरक्षा संबंधी सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम, ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता, नारी संरक्षण एवं आश्रय गृहों का भ्रमण, छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस प्रोग्राम, साइबर सुरक्षा पर वृहद कार्यशाला, पिंक (समाधान दिवस) एवं मिशन शक्ति तहसील दिवस, बाल विवाह और अन्य कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान शामिल हैं। इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा मंदिरों, चौराहों, बाजारों, मॉल और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर मनचलों और शोहदों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
वाहनों की चेकिंग और विशेष अभियान = कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग के दौरान वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कारों से काली फिल्में और हूटर हटवाए गए, साथ ही वाहनों पर लिखे गए आपत्तिजनक, शासकीय व जातिसूचक शब्दों को भी हटवाया गया। संवेदनशील हॉट-स्पॉट और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा फुट पेट्रोलिंग की गई।
इन जन कल्याणकारी योजनाओं से कराया गया अवगत = पुलिस के मिशन शक्ति केंद्र में नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा आम जनता को केंद्र और राज्य सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्त भारत अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), आयुष्मान भारत (PMJAY) स्वास्थ्य बीमा योजना, विधवा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इस व्यापक अभियान से महिलाओं और बालिकाओं में अपने अधिकारों और सुरक्षा को लेकर काफी उत्साह और जागरूकता देखने को मिल रही है।



