वाराणसी के पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कालेज में कला उत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। जानें 11 विधाओं में प्रतिभागी छात्रों और पुरस्कार विजेताओं की पूरी खबर।

वाराणसी के पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कालेज में मंगलवार को ‘कला उत्सव-2026’ का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस विशेष उत्सव में शहर के कई प्रमुख विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 11 विधाओं में अपनी अद्भुत प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। कला और संस्कृति के इस संगम ने परिसर में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।

सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने किया शुभारंभ = कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सह जिला विद्यालय निरीक्षक साहब सिंह यादव, राजकीय क्वींस इंटर कालेज के प्रधानाचार्य विशेश्वर सिंह और उप प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष राय ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए सह जिला विद्यालय निरीक्षक साहब सिंह यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमताओं के अनुरूप ही अपने विकास पथ का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

वाराणसी की उत्सव धर्मिता की झलक = विद्यालय के प्रधानाचार्य विशेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के कलात्मक प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वाराणसी की पौराणिक उत्सव धर्मिता की साक्षात प्रस्तुति का प्रस्फुटन इन युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

11 विधाओं में विजेताओं को मिला सम्मान = ‘कला उत्सव-2026’ में आयोजित 11 अलग-अलग विधाओं की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मंच पर सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। इस आयोजन को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में निर्णायक मंडल की अहम भूमिका रही। निर्णायक मंडल में डॉ. संगीता श्रीवास्तव, पुष्पलता सोनकर, अंशिका, अनन्या बरनवाल, कमलेश चंद्र, पंकज शर्मा और पूजा शर्मा उपस्थित रहे।

सफल संयोजन और संचालन = इस पूरे ‘कला उत्सव-2026’ की सफलता के पीछे नोडल अधिकारी डॉ. नेहा सिंह और जया सिंह का विशेष योगदान रहा। वहीं कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विजय भारतीय सिंह और दिनेश कुमार सिंह ने अपने प्रभावशाली अंदाज में किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *