वाराणसी: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कुशल कार्यशैली से पहचान बनाने वाले पुलिस उपायुक्त अपराध/अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, सरवणन टी. का स्थानांतरण होने पर आज उन्हें एक गरिमामय समारोह में विदाई दी गई। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन में इस भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने सरवणन टी. को उनके बेहतरीन कार्यकाल के लिए सम्मानित किया। कमिश्नरेट वाराणसी में तैनाती के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में जो महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसकी सभी अधिकारियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा:
“सरवणन टी. ने कमिश्नरेट वाराणसी में अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, कुशल नेतृत्व और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का उदाहरण पेश किया है। उनकी कार्यशैली और अनुशासन प्रियता कमिश्नरेट के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए हमेशा एक प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।”
समारोह के अंत में पुलिस आयुक्त द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की कामना की गई।
कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा आयोजित इस विदाई कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिन्होंने सरवणन टी. के साथ बिताए प्रोफेशनल पलों को साझा किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिवहरी मीणा: अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय), गौरव बंशवाल: पुलिस उपायुक्त (काशी जोन), प्रमोद कुमार: पुलिस उपायुक्त (वरूणा जोन), आकाश पटेल: पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) इसके साथ ही कमिश्नरेट के अन्य राजपत्रित अधिकारीगण भी इस गरिमामय अवसर के साक्षी बने।



