वाराणसी: खेल के मैदान से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। जनपद के एक विद्यालय की होनहार छात्रा रूबल सिंह का चयन उत्तर प्रदेश स्टेट इंटर डिविजनल रोल बॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अपनी प्रतिभा के दम पर रूबल रोल बॉल में प्रदेश में चयनित” होकर उन्होंने न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे वाराणसी मंडल का मान बढ़ाया है।
गाजियाबाद में 1 से 3 मई तक आयोजित होने वाली इस UP स्टेट इंटर डिविजनल रोल बॉल चैंपियनशिप में प्रदेश भर के विभिन्न मंडलों के दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रूबल सिंह ने इस मुकाम तक पहुँचने के लिए वाराणसी मंडल द्वारा आयोजित कड़े ट्रायल्स में भाग लिया और अपनी बेहतरीन तकनीक व गति के कारण चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
ज्ञात हो कि कक्षा 5 की छात्रा रूबल सिंह उत्तर प्रदेश के उभरते हुए और बेहतरीन स्केटर्स में से एक मानी जाती हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने सुर्खियां बटोरी हों, वह इससे पहले भी स्केटिंग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई बार पदक जीतकर अपनी क्षमता सिद्ध कर चुकी हैं।
रूबल की इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाचार्य मौसमी भट्टाचार्य ने रूबल की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। रूबल की इस सफलता के पीछे उनके कोच मेहंदी हसन का कुशल मार्गदर्शन रहा है। खेल प्रभारी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि रूबल की मेहनत और खेल के प्रति उनका समर्पण ही उन्हें इस स्तर तक ले गया है। वाराणसी के खेल प्रेमी अब रूबल से गाजियाबाद में होने वाली चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक की उम्मीद लगाए बैठे हैं।




