संतोष जायसवाल, रिशु सिंह, सोनू श्रीवास्तव और अजय राजभर नामक व्यक्तियों के द्वारा खुलेआम वाराणसी में जुआ सट्टा का काला कारोबार संचालित किया जा रहा है।
वाराणसी। जनपद के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के द्वारा जहां अपराध व अपराधियों पर लगाम लगाने के लिये मातहतों को कड़े निर्देश दिये गये हैं, तो वहीं दूसरी तरफ गैरकानूनी कार्य करने वाले लोग पुलिस की आंखों में धूल झोंककर वाराणसी में जुआ सट्टा का काला कारोबार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कमिश्नरेट पुलिस की नाक के नीचे चल रहे इस अवैध धंधे से कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सारनाथ के सलारपुरा में मंगरहाबीर बाबा मंदिर के सामने सज रही महफिल – हमारे विश्वसनीय सूत्रों के द्वारा जो जानकारी दी गयी है, उसके मुताबिक जनपद के सारनाथ थाना क्षेत्र के सरायमोहना पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले सलारपुरा में यह खेल धड़ल्ले से चल रहा है। यहाँ मंगरहाबीर बाबा मंदिर के ठीक सामने संतोष जायसवाल, रिशु सिंह, सोनू श्रीवास्तव और अजय राजभर नामक व्यक्तियों के द्वारा खुलेआम वाराणसी में जुआ सट्टा का काला कारोबार संचालित किया जा रहा है।
सूत्रों का बड़ा दावा: इस अवैध ठिकाने पर सुरक्षा और रसूख का आलम यह है कि यहाँ महफिल जमाने के लिए बाकायदा ‘फीस’ वसूली जाती है। सूत्र बताते हैं कि यहाँ एक घण्टे गेम खेलवाने का बीस हजार रूपया फीस (रेंट) के तौर पर लिया जाता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस काले खेल में प्रतिदिन लाखों रुपये का टर्नओवर हो रहा है।
अब वहीं बात की जाये तो पुलिस आयुक्त के द्वारा एसओजी (SOG) 1, 2 व 3 का गठन विशेष रूप से जनपद में चल रहे अनैतिक व गैरकानूनी कार्यों पर लगाम लगाने के लिये किया गया है। परन्तु धरातल की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ये एसओजी की टीमें अपनी आंखों पर धृतराष्ट्र रूपी पट्टी बांधे हुये हैं, जिससे उन्हें वाराणसी में जुआ सट्टा का काला कारोबार दिखायी नहीं दे रहा। स्थानीय लोगों में यह चर्चा आम है कि बिना किसी संरक्षण के इतना बड़ा सिंडिकेट चलना मुमकिन नहीं है।
कमिश्नर की चेतावनी का क्या हुआ? – गौरतलब है कि बीते सोमवार को ही पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के द्वारा सिगरा थाना क्षेत्र में गहन निरीक्षण व भ्रमण किया गया था। इस दौरान मीडियाकर्मियों को दिये गये बयान में उनके द्वारा साफ तौर पर कहा गया था कि “जनपद में कोई भी गलत कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।”
एक तरफ कमिश्नर की यह सख्त चेतावनी है, और दूसरी तरफ सारनाथ क्षेत्र में फल-फूल रहा यह अवैध धंधा। अब इस पूरे मामले पर वाराणसी की थाना सारनाथ पुलिस और सरायमोहना चौकी प्रभारी क्या कार्रवाई करेंगे, ये तो भविष्य के गर्भ में है। फिलहाल, इस पूरे सिंडिकेट को बेनकाब करने के लिए बीएम ब्रेकिंग न्यूज (bmbreakingnews.com) की पड़ताल लगातार जारी है।





