वाराणसी। फूलपुर हत्याकांड में रासुका की कार्रवाई के तहत पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घमहापुर गांव के चर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी आशीष राजभर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरुद्ध कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी रासुका की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

क्या था पूरा मामला? = फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घमहापुर में एक अनियंत्रित कार की टक्कर से एक महिला घायल हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक मनीष सिंह के साथ मारपीट कर दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0-132/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 103(2), 324(5) एवं 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

12 आरोपी भेजे जा चुके हैं न्यायिक अभिरक्षा में = घटना के बाद फूलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। वहीं तीन आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई। अब तक इस प्रकरण में कुल 12 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस ने विवेचना पूरी कर आरोप-पत्र (चार्जशीट) भी माननीय न्यायालय में दाखिल कर दिया है।

पहले गैंगस्टर, अब रासुका की कार्रवाई = पुलिस ने इस मामले में 4 जून 2026 को सभी आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 (गैंगस्टर एक्ट) के तहत भी मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद फूलपुर हत्याकांड में रासुका की कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन की संस्तुति, सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा की रिपोर्ट और विधिक परीक्षण के आधार पर 1 जुलाई 2026 को मुख्य आरोपी आशीष राजभर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 (NSA) की धारा 3(3) के तहत निरुद्ध कर दिया गया।

अन्य आरोपियों पर भी होगी NSA की कार्रवाई = पुलिस के अनुसार फूलपुर हत्याकांड में रासुका की कार्रवाई केवल मुख्य आरोपी तक सीमित नहीं रहेगी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत निरुद्ध किए जाने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

वाराणसी पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फूलपुर हत्याकांड में रासुका की कार्रवाई इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *