वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित राजनारायण पार्क में पटाखा मार्केट लगाने का विरोध शुरू हो गया है। अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री, डीएम और कमिश्नर को पत्रक भेजकर पटाखा मार्केट लगाए जाने पर रोक की मांग की है। जानिए क्या है पूरा मामला।

वाराणसी के घनी आबादी वाले चौक थाना क्षेत्र स्थित राजनारायण पार्क में पटाखा मार्केट लगाने का विरोध तेज हो गया है। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस मामले में अधिवक्ता अखिलेश कुमार सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी (DM) और पुलिस कमिश्नर को पत्रक भेजकर भीड़भाड़ वाले इस संवेदनशील क्षेत्र में पटाखा मार्केट लगाए जाने पर रोक की मांग की है।

मल्टीलेवल पार्किंग और घनी आबादी के कारण हादसे की आशंका = अधिवक्ता द्वारा सौंपे गए पत्रक में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि राजनारायण पार्क के नीचे मल्टीलेवल पार्किंग स्थित है, जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन पार्क होते हैं। वाहनों में ईंधन (पेट्रोल/डीजल) और सीएनजी की मौजूदगी के कारण यह स्थान बेहद संवेदनशील हो जाता है।

हाल के दिनों में देश के विभिन्न शहरों में हुए पटाखा हादसों के दृष्टिगत इस पार्क में पटाखा बाजार की अनुमति देना बड़े खतरे को न्योता देने जैसा है। यदि किसी कारणवश पार्क में कोई अप्रिय घटना या आगजनी होती है, तो उसके नीचे खड़ी पार्किंग की गाड़ियां आग की चपेट में आ सकती हैं, जिससे भीषण तबाही मच सकती है।

स्थानीय निवासियों में डर का माहौल = चौक क्षेत्र वाराणसी का बेहद व्यस्त और संकरा बाजार क्षेत्र माना जाता है। त्यौहारों के समय यहाँ आम लोगों और खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे भीड़भाड़ वाले इलाके में पटाखा मार्केट लगाने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में संकरी गलियों के कारण दमकल या राहत टीमों का समय पर पहुँचना भी चुनौतीपूर्ण होगा।

सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग = अधिवक्ता ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए राजनारायण पार्क से पटाखा बाजार को किसी खुले और सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। पत्रक के माध्यम से शासन-प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप कर राजनारायण पार्क में पटाखा मार्केट पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *