फिल्मी दुनिया: सिनेमा के पर्दे पर कभी-कभी ऐसी फिल्में आती हैं जो सारे समीकरण बिगाड़ देती हैं। मौजूदा समय में ‘धुरंधर’ वही फिल्म साबित हो रही है। फिल्म के क्लाइमेक्स में एक सीन है जहाँ अक्षय खन्ना उर्फ़ रहमान डकैत जब चौधरी असलम (संजय दत्त) को मार-मार के थक जाता है तो फ्रेसट्रेशन में चिल्लाता है कि मर जा डैश, मर जा डैश-डैश… मर जा…। पर्दे पर अक्षय खन्ना का यह डायलॉग आज बॉक्स ऑफिस के असली हालात बयां कर रहा है। बाकी फिल्मों के मेकर्स भी शायद मन ही मन यही कह रहे हैं, पर ‘धुरंधर’ है कि हार मानने को राजी नहीं।
‘तेरे इश्क़ में’ से लेकर ‘अवतार 3’ तक… सब पस्त! – धुरंधर जब 5 दिसम्बर को रिलीज़ हुई थी, तब लगा था कि यह सिर्फ एक एक्शन फिल्म है। उस वक्त ‘तेरे इश्क़ में’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ख़ासी दौड़ रही थी, लेकिन धुरंधर की एंट्री होते ही रविवार से उसकी टिकट सेल्स पूरी तरह गायब हो गयीं। इसके बाद कपिल शर्मा की ‘किस किसको प्यार करूँ 2’ आई, जो एक हफ़्ता भी नहीं टिक पाई। हालत यह हुई कि कपिल ने फिल्म परदे से हटा ली और अब इस शुक्रवार को ये सोचकर दोबारा रिलीज़ कर रहे हैं कि धुरंधर का क्रेज़ कम हो गया होगा। हैरानी तो तब हुई जब दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म ‘अवतार 3’ आई। इसने शुरुआती टक्कर तो ली, लेकिन 3 दिन बाद ही इसकी रफ्तार सुस्त पड़ गई। दूसरी तरफ ‘धुरंधर’ अपनी धुन में मगन रही और तब भी हर दिन 20 करोड़ का बिजनेस करती रही।
कार्तिक आर्यन और अर्नब गोस्वामी भी रहे बेअसर – फिल्मों की रेस में कार्तिक आर्यन की ‘मैं तेरा तू मेरी’ भी आई, लेकिन फिल्म की कहानी में दम न होने के कारण 3 दिन में डब्बा गोल हो गया। ताज्जुब की बात यह है कि जहाँ अर्नब गोस्वामी भी अपने चैनल से फ़िल्म न देखने की सलाह दे चुके हैं, वहीं जनता का प्यार फिल्म के लिए बढ़ता ही जा रहा है। यहाँ तक कि ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ (Stranger Things) का आखिरी एपिसोड भी सिनेमाघरों में रिलीज़ हुआ, पर धुरंधर की रफ्तार स्लो नहीं हुई।
चौथे गुरुवार को भी 17 करोड़ का कलेक्शन! – अब बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्म ‘इक्कीस’ आई है, जिसका पहले दिन का कलेक्शन 8 करोड़ के आसपास है। लेकिन ‘धुरंधर’ का जलवा देखिए—धुरंधर अपने चौथे गुरुवार को भी 17 करोड़ की net collection खींच रही है। यह हाल तब है जब फिल्म का स्क्रीन काउंट अब आधा रह गया है।
बाकी फिल्मों के प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स शायद अब मिलकर यही विनती कर रहे हैं— “रुक जा, थम जा डैश डैश, हमें भी चार पैसे बटोर लेने दे,” पर धुरंधर किसी की सुनने को तैयार नहीं है। अक्षय खन्ना का वो डायलॉग “मर जा…” आज पूरी फिल्म इंडस्ट्री के कंपटीशन के लिए एक कड़वा सच बन गया है।




