राजातालाब (वाराणसी ): अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2025 में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे देश का नाम रोशन करने वाली काशी की बेटी ममता पाल का उनके घर पर जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने ममता पाल के निवास बढईनी पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर सुरेंद्र सिंह पटेल ने ममता पाल को माला पहनाई, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया, और मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि काशी की एक बेटी ने अमेरिका में भारत का परचम लहराया। यह सिर्फ बनारस ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।

पूर्व मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार से ममता पाल के लिए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की मांग की। उन्होंने कहा कि ममता एक गरीब परिवार से आती हैं और उनकी यह जीत यह संदेश देती है कि भारत के गांवों में भी अद्भुत प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। एक बड़ी पुरस्कार राशि मिलने से यह संदेश पूरी दुनिया में जाएगा और अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

ममता पाल के माता-पिता, नरेश पाल और संतारा पाल को भी इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। ममता पाल, जो भारत की ओर से 260 खिलाड़ियों के दल के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थीं, गोल्ड मेडल जीतकर लौटी हैं। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

इस सम्मान समारोह में पूर्व विधायक रोहनिया महेंद्र सिंह पटेल, कन्हैयालाल राजभर, राम प्रकाश मास्टर, गोपाल पटेल, अमलेश पटेल, रंजीत पटेल, कोच राजकुमार पाल, कुनैन अंसारी, विजय पाल मास्टर, नत्थू यादव, लालचंद पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *