साइबर ठगी का पैसा वापस दिलाने में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिगरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के दो पीड़ितों के 1.82 लाख रुपये वापस कराकर मिसाल पेश की है।
वाराणसी। पुलिस आयुक्त द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर ठगी का पैसा वापस कराने में थाना सिगरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में साइबर ठगी के दो पीड़ितों को उनकी पूरी धनराशि वापस दिलाई गई।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी के शिकार हुए संदीप कुमार केशरी एवं महेन्द्र कुमार यादव ने अपनी शिकायत NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद सिगरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का पैसा वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की।
NCRP पोर्टल शिकायत के बाद हुई कार्रवाई – उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक सिगरा ने थाना सिगरा की साइबर हेल्प डेस्क के प्रभारी उपनिरीक्षक भरत भट्ट एवं आरक्षी सुमित साहू को निर्देशित किया कि पीड़ितों की धनराशि जिस बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है, संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर साइबर ठगी का पैसा वापस कराया जाए।
निर्देशों के अनुपालन में साइबर हेल्प डेस्क टीम ने संबंधित बैंक खातों को तत्काल होल्ड कराया तथा ई-मेल एवं दूरभाष के माध्यम से बैंक अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। पुलिस की तत्परता और प्रभावी समन्वय के चलते दोनों पीड़ितों का साइबर ठगी का पैसा वापस सीधे उनके बैंक खातों में रिफंड करा दिया गया। सिगरा पुलिस की सक्रियता से दोनों पीड़ितों को उनकी पूरी धनराशि वापस मिल गई।
पीड़ितों का विवरण – संदीप कुमार केशरी, निवासी मोहल्ला छित्तुपुर, थाना सिगरा, वाराणसी को 52,000 रुपये वापस कराए गए। महेन्द्र कुमार यादव, निवासी बीएचयू, वाराणसी को 1,30,000 रुपये वापस कराए गए। इस प्रकार कुल 1,82,000 रुपये का साइबर ठगी का पैसा वापस कराया गया।
पुलिस टीम की हुई प्रशंसा – अपने-अपने खातों में धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ितों एवं उनके परिजनों ने थाना सिगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया। साथ ही कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की कार्यशैली और तत्परता की जमकर सराहना की। यह कार्रवाई आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने वाली साबित हुई है।
इस सफल कार्रवाई में निम्न पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमे शिवाकान्त मिश्र, प्रभारी निरीक्षक, थाना सिगरा, उपनिरीक्षक भरत भट्ट, प्रभारी साइबर हेल्प डेस्क, थाना सिगरा, आरक्षी सुमित साहू, थाना सिगरा वाराणसी शामिल रहे।





