वाराणसी। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रधान बाबा विश्वनाथ के दरबार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अभद्रता और दर्शन के दौरान एक अधिवक्ता से छिनैती की घटना के बाद अब पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। इस पूरे मामले को लेकर थाना चौक में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों और दर्शनार्थियों में आक्रोश था, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों को खंगालने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की है।
क्या है काशी विश्वनाथ मंदिर में अभद्रता का पूरा मामला? – मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीते बुधवार को भोर की है। वाराणसी के अधिवक्ता दिलीप मिश्रा बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मंदिर प्रांगण में मौजूद थे। आरोप है कि दर्शन करने के दौरान ही कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की। बात सिर्फ कहासुनी तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अभद्रता के साथ-साथ उनके साथ छिनैती की वारदात को भी अंजाम दिया गया। पवित्र धाम के भीतर एक अधिवक्ता के साथ हुई इस बदसुलूकी और छिनैती की खबर से हड़कंप मच गया।
वकीलों ने पुलिस कमिश्नर से की थी शिकायत – अपने साथी वकील के साथ हुई इस घटना को लेकर वाराणसी के अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। बुधवार को ही वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कचहरी में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मुलाकात की। अधिवक्ताओं ने पुलिस कमिश्नर को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
त्वरित एक्शन: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तुरंत एक्शन लिया और इस पूरे प्रकरण की जांच एसीपी (दशाश्वमेध) डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी को सौंप दी।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जांच में जुटे एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने मंदिर परिसर और आसपास के कैमरों की बारीकी से जांच की। शुक्रवार को मंदिर प्रशासन के सहयोग से सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला गया। साक्ष्यों के आधार पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अभद्रता और छिनैती के इस मामले में रूपेश मौर्य उर्फ शानू एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना चौक में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश – थाना चौक पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद अब आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि बाबा के दरबार में आने वाले किसी भी श्रद्धालु या स्थानीय नागरिक के साथ अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काशी विश्वनाथ मंदिर में अभद्रता करने वाले मुख्य आरोपी रूपेश मौर्य उर्फ शानू और उसके साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





