वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत लड़कियों से छेड़खानी की सूचना पर थाना फूलपुर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन नफर अभियुक्तगण गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के आदेश, पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन), अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त (पिंडरा) और प्रभारी निरीक्षक फूलपुर के निर्देशन में एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम क्षेत्र में चेकिंग व गश्त पर मामूर थी।

कॉलेज के पास अश्लील इशारे और फब्तियां कस रहे थे मनचले = गश्त के दौरान मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक अनुराधा मौर्या को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दबेथुआ स्थित देवमूर्ति शर्मा इंटर कॉलेज के पास तीन युवक इकट्ठा हैं। वे आने-जाने वाली छात्राओं और बालिकाओं को देखकर अश्लील इशारे कर रहे हैं तथा अश्लील फब्तियां कसकर छेड़खानी का प्रयास कर रहे हैं। इस हरकत से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त था।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति प्रभारी ने उपनिरीक्षक गोविंद यादव, महिला आरक्षी इंद्रकला और रि. महिला आरक्षी अनीता देवी की पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे तीनों युवकों को आवश्यक बल प्रयोग कर मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण = पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम और पता निम्न प्रकार बताया : सोनू गौतम (23 वर्ष) पुत्र अशोक गौतम, निवासी ग्राम भटवार, थाना नेवढ़िया, जनपद जौनपुर। हर्ष गौतम (24 वर्ष) पुत्र प्रभुनाथ गौतम, निवासी ग्राम भराये, थाना नेवढ़िया, जनपद जौनपुर। गोविंद गौतम (21 वर्ष) पुत्र सुरेश गौतम, निवासी ग्राम भटवार, थाना नेवढ़िया, जनपद जौनपुर। पुलिस टीम ने दोपहर करीब 13:00 बजे तीनों मनचलों को उनके कृत्य का बोध कराते हुए कस्टडी में लिया और थाने लेकर आई।
पंजीकृत अभियोग और विधिक कार्रवाई = मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत लड़कियों से छेड़खानी की सूचना पर थाना फूलपुर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन नफर अभियुक्तगण गिरफ्तार किए जाने के बाद इनके खिलाफ थाना फूलपुर पर मु.अ.सं. 250/2026, धारा 296 बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ़्तारी करने वाली पुलिस टीम में म.उ.नि. अनुराधा मौर्या (मिशन शक्ति प्रभारी), थाना फूलपुर, उ.नि. गोविंद यादव (एंटी रोमियो सहायक प्रभारी), थाना फूलपुर, म.का. इंद्रकला, थाना फूलपुर, रि.म.का. अनीता देवी, थाना फूलपुर शामिल रही।



