वाराणसी: यूपी की वाराणसी पुलिस अपराधियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार कड़ा शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, वाराणसी पुलिस के हाथ एक और बड़ी सफलता लगी है। थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त मिट्ठू अंसारी उर्फ मो0 कैफ को मिर्जापुर से धर दबोचा है। आरोपी अपने मामा के घर से कहीं और भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे घेर लिया।
जानिए क्या है पूरा मामला? = थाना कोतवाली में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 के तहत पुलिस को काफी समय से मिट्ठू अंसारी उर्फ मो0 कैफ (उम्र लगभग 22 वर्ष) की तलाश थी। आरोपी के खिलाफ धर्म परिवर्तन कराने, मारपीट करने और धमकी देने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वाराणसी पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट (NBW) और कुर्की की पूर्व चेतावनी की कार्रवाई भी जारी थी।
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से गिरफ्तारी = वाराणसी पुलिस की टीम 15 जुलाई 2026 को क्षेत्र में चेकिंग और सुरागकशी में मामूर थी। इसी दौरान पुलिस को एक सटीक मुखबिर और सर्विलांस सेल के जरिए सूचना मिली कि आरोपी मिट्ठू अंसारी इस समय जनपद मिर्जापुर के थाना पड़री क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कठनई में अपने मामा के घर आया हुआ है। वह वहां से भी किसी अन्य शहर भागने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मिर्जापुर के कठनई गांव से आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने उगला सच: मुंबई में छिपा था मिट्ठू = जब वाराणसी पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त मिट्ठू अंसारी से कड़ी पूछताछ की, तो उसने डरते हुए अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया :
“मुझे पता चल गया था कि मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ कोतवाली थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है। इस मामले में मेरे माता-पिता और बड़े भाई को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस से बचने के लिए मैं मुंबई भाग गया था और वहां छिपकर रह रहा था। आज मैं अपने मामा के घर केवल इसलिए आया था ताकि उनसे कुछ पैसे उधार लेकर किसी और नई जगह पर भाग सकूं, लेकिन पुलिस ने मुझे पकड़ लिया।”
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में दयाशंकर सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना कोतवाली, उ0नि0 अजीत मौर्य एसआईटी टीम, थाना कोतवाली] का0 अखिलेश कुमार एसआईटी टीम, थाना कोतवाली, का0 नीरज मौर्या एसआईटी टीम, थाना कोतवाली, रि0का0 अभिषेक सिंह द्वितीय, रि0का0 कुलदीप, रि0का0 संतेश्वर कुमार थाना कोतवाली शामिल रहे।
वाराणसी पुलिस की इस त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई की उच्च अधिकारियों द्वारा सराहना की जा रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। यूपी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए कमिश्नरेट पुलिस लगातार सक्रिय है।



