वाराणसी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी सिगरा पुलिस (Varanasi Sigra Police) को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जारी इस मुहिम के तहत, सिगरा थाना पुलिस ने करीब 4 साल पुराने एटीएम फ्रॉड के मामले में वांछित एक शातिर अभियुक्त को बिहार से दबोच लिया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (काशी जोन), अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त (चेतगंज) के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई।

क्या है पूरा मामला? = यह मामला साल 2022 का है। 18 नवंबर 2022 को पटना (बिहार) की रहने वाली पीड़िता बबी कुमारी ने सिगरा थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, पीड़िता वाराणसी के लहरतारा स्थित ICICI Bank के एटीएम से पैसे निकालने आई थी। इसी दौरान उसका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया।

परेशान होकर पीड़िता तुरंत पास के बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की शाखा में पहुंची और शाखा प्रबंधक को अपनी समस्या बताई। प्रबंधक ने मदद के बहाने अंकुर सिंह नाम के एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया। जब पीड़िता ने उस नंबर पर संपर्क किया, तो फोन उठाने वाले ने खुद को अंकुर सिंह बताते हुए कहा कि 30 मिनट इंतजार करें, कार्ड मिल जाएगा। लेकिन आधे घंटे बाद जब दोबारा फोन किया गया, तो उसने कहा कि अब काम कल हो पाएगा।

इसके बाद पीड़िता अपने घर लौट गई। कुछ ही देर बाद जब उसने अपना मोबाइल चेक किया, तो उसके होश उड़ गए। उसके खाते से चार बार में कुल 2,19,500 रुपये (दो लाख उन्नीस हजार पांच सौ रुपये) पार कर दिए गए थे।

बिहार के गया से हुई अभियुक्त की गिरफ्तारी = ठगी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। वाराणसी सिगरा पुलिस (Varanasi Sigra Police) ने मु0अ0सं0 0436/2022 के तहत धारा 417, 420 (धोखाधड़ी) और 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डिजिटल साक्ष्य और सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने असली आरोपी को ट्रैक किया। 10 जुलाई 2026 को वाराणसी सिगरा पुलिस (Varanasi Sigra Police) की टीम ने बिहार के जनपद गया के फतेहपुर थाना अंतर्गत ग्राम रोशना में दबिश देकर मुख्य अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण : नाम: मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू पिता का नाम: वाल्मिकी सिंह उम्र: 35 वर्ष निवासी: ग्राम रोशना, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार)।

इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस और सर्विलांस टीम में शिवाकान्त मिश्र (प्रभारी निरीक्षक, थाना सिगरा, कमिश्नरेट वाराणसी), उ0नि0 दुर्गा प्रसाद (थाना सिगरा, कमिश्नरेट वाराणसी), आरक्षी अश्वनी सिंह (सर्विलांस सेल, कमिश्नरेट वाराणसी), हे0कां0 जितेन्द्र सिंह (थाना सिगरा), हे0कां0 ब्रम्हदेव सिंह (थाना सिगरा), रि0कां0 विनय कुमार चौरसिया (थाना सिगरा) शामिल रहे। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ सिगरा पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *