वाराणसी (BM Breaking News Desk): धर्मनगरी वाराणसी में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के कड़े निर्देशों के तहत सिगरा थाना क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 30 लाख रुपये का नाजायज गांजा बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त महोदय के दिशानिर्देश, पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक सिगरा के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई।

एन.ई.आर. पार्क के पास घेराबंदी कर पकड़ा = जानकारी के मुताबिक, सिगरा थाना पुलिस को अवैध गांजा तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 जुलाई 2026 को अमूल डेयरी के आगे, एन.ई.आर. पार्क के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध इन्ट्रा पिकअप (गाड़ी संख्या: OD31 P 6387) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 56 पैकेट नाजायज गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 59.4 किलोग्राम पाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से दो तस्करों को दबोच लिया गया, जबकि जामा तलाशी के दौरान उनके पास से 1,400 रुपये नकद भी बरामद हुए।
बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी = पुलिस हिरासत में आए दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार के रहने वाले हैं। पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है : मुमताज फारूकी (उम्र लगभग 40 वर्ष), पुत्र स्व. सुल्तान फारूकी, निवासी: ग्राम, पोस्ट व थाना शिव सागर, जनपद रोहतास (बिहार)। मुन्ना फारूकी (उम्र लगभग 39 वर्ष), पुत्र स्व. सलीम फारूकी, निवासी: ग्राम, पोस्ट व थाना शिव सागर, जनपद रोहतास (बिहार)। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिगरा में मु.अ.सं.- 0339/2026, धारा- 8/20 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अग्रिम कानूनी व विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
बरामदगी का पूरा विवरण : अवैध गांजा: 56 पैकेट (कुल वजन 59.4 किग्रा, अनुमानित कीमत ₹30 लाख) तस्करी में प्रयुक्त वाहन: इन्ट्रा पिकअप (OD31 P 6387) नकद राशि: ₹1,400/- (जामा तलाशी से)।
गिरफ़्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में शिवाकान्त मिश्र प्रभारी निरीक्षक, उ.नि. भृगुपति त्रिपाठी, उ.नि. सुधीर कुमार अग्रहरी, उ.नि. अभय कुमार गुप्ता, उ.नि. अंकित कुमार राय, हे.का. ब्रह्मदेव सिंह, जितेन्द्र सिंह, आरक्षी मृत्युंजय सिंह, अनन्त सिंह, अश्वनी सिंह सर्विलांस सेल, थाना सिगरा शामिल रहे।
वाराणसी पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर इस करारे प्रहार की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



