वाराणसी: आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी जमीनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में वाराणसी के पिंडरा स्थित सावित्री लॉन में अपना दल कमेरावादी पिंडरा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और महिलाओं की भागेदारी बढ़ाने को लेकर कई अहम रणनीतियों पर चर्चा की गई।

‘वन बूथ टेन यूथ’ के तर्ज पर बनेगा मजबूत संगठन = आयोजित अपना दल कमेरावादी पिंडरा सम्मेलन में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आने वाले चुनावों को देखते हुए ‘वन बूथ टेन यूथ’ की तर्ज पर पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके साथ ही हर बूथ पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का विशेष संकल्प लिया गया, ताकि संगठन को हर स्तर पर समावेशी और मजबूत बनाया जा सके।

सड़क पर विपक्ष की सबसे मजबूत आवाज: डॉ. पल्लवी पटेल = सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता व सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन लाने में पार्टी की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सरकारी दमन और मुकदमों के बावजूद पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। आज अपना दल कमेरावादी सड़क पर विपक्ष की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभर रही है। सामाजिक न्याय, किसानों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों के लिए पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है और जनता के जायज मुद्दों को लेकर ही सूबे की सियासत में बदलाव लाया जाएगा।

चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान = डॉ. पल्लवी पटेल ने कार्यकर्ताओं से मुस्तैद रहने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव किसी भी समय हो सकते हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ता बिना समय गंवाए बूथ स्तर पर महिलाओं और युवाओं को जोड़कर संगठन निर्माण के काम में अभी से पूरी ताकत से जुट जाएं।

तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद = इस अपना दल कमेरावादी पिंडरा सम्मेलन में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, रामलाल पटेल, राजेश पटेल, गगन प्रकाश यादव, पंकज सेठ, राजकुमार पटेल, उमेश चंद्र मौर्य, संजय पटेल, रामजीत प्रधान और बसंत पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

सम्मेलन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रजनीश पटेल ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन श्री प्रकाश द्वारा किया गया। कार्यक्रम की जानकारी अपना दल कमेरावादी (वाराणसी) के जिलाध्यक्ष संजय पटेल द्वारा साझा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *