वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चेतगंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेतगंज पुलिस ने कूट रचित (फर्जी) दस्तावेजों के आधार पर वाहनों की खरीद-बिक्री करने और धोखाधड़ी के मामले में वांछित अभियुक्त सैफ खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशों के क्रम में, पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के कुशल नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है।

क्या है पूरा मामला? (घटना का विवरण) = मामला 17 मार्च 2026 का है, जब पीड़ित (वादी) ने थाना चेतगंज में एक प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए फर्जी और कूट रचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर गाड़ियों की अवैध खरीद-बिक्री की। इसके साथ ही विरोध करने पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना चेतगंज में मु0अ0सं0 61/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 318(4), 338, 352 और 351(2) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना तेलियाबाग चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक अली अतहर द्वारा की जा रही थी।
सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर हुकुलगंज से गिरफ्तारी = मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वांछित आरोपी की तलाश के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, पतारसी-सुरागरसी और मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। 28 जुलाई 2026 को चेतगंज पुलिस को मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि धोखाधड़ी का आरोपी हुकुलगंज इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान ‘प्रिवेल टेक’ (हुकुलगंज, थाना लालपुर पांडेयपुर) के पास से आरोपी सैफ खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर थाना चेतगंज ले आई, जहां उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण : नाम: सैफ खान पुत्र परवेज खान उम्र: लगभग 27 वर्ष पता: एस 10/251 के 2, हुकुलगंज (चंदा रेजीडेंसी के पास), थाना लालपुर पांडेयपुर, कमिश्नरेट वाराणसी। गिरफ्तारी का स्थान व तिथि: 28 जुलाई 2026, प्रिवेल टेक दुकान के पास, हुकुलगंज (वाराणसी)। पंजीकृत अभियोग और धाराएं : मु0अ0सं0: 61/2026, धाराएं: 61(2) [आपराधिक षड्यंत्र], 318(4) [धोखाधड़ी/चीटिंग], 338 [फर्जी दस्तावेज बनाना/इस्तेमाल करना], 352 [गाली-गलौज], 351(2) [जान से मारने की धमकी] बीएनएस (BNS), थाना चेतगंज।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में विजय कुमार शुक्ला प्रभारी निरीक्षक, अली अतहर उप-निरीक्षक व चौकी प्रभारी तेलियाबाग, संदीप चौरसिया उप-निरीक्षक, कांस. बृजेश कुमार थाना चेतगंज, वाराणसी शामिल रहे ।



