वाराणसी। साइबर अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चलाये जा रहे प्रदेश व्यापी अभियान ऑपरेशन “Cy-Vazra” के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में और साइबर क्राइम टीम व कैंट थाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। यह कॉल सेंटर अर्दली बाजार के विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी में ‘Shubhmatrimonial’ (शुभ मैट्रिमोनियल) मैरिज ब्यूरो के नाम पर चलाया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर इस गैंग की 10 महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
ऑपरेशन Cy-Vazra का प्रहार: कैसे करते थे ठगी? = पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बहुत ही शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। ऑपरेशन Cy-Vazra के तहत की गई जांच में पता चला कि ये महिलाएं अखबारों में विवाह योग्य युवक-युवतियों के आकर्षक और भ्रामक विज्ञापन छपवाती थीं। इन विज्ञापनों में फर्जी नाम, जाति, अच्छी नौकरी और हाई सैलरी का विवरण देकर अपना मोबाइल नंबर दिया जाता था।

जब कोई पीड़ित उस नंबर पर कॉल करता, तो ये खुद को Shubhmatrimonial का प्रतिनिधि बताकर ‘लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन’ (Lifetime Subscription) के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस वसूलती थीं। पैसे मिलते ही न तो किसी का रिश्ता तय कराया जाता और न ही पैसे वापस किए जाते। अंत में ये लोग पीड़ितों का नंबर ब्लॉक कर देती थीं।
करीब 10 लाख रुपये की ठगी का खुलासा = गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब कॉल सेंटर से मिले रजिस्टर की जांच की, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। रजिस्टर के अनुसार, यह गैंग अब तक 600 से 700 लोगों को अपना शिकार बना चुका है। अनुमान है कि इन लोगों ने लगभग 10 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा किया है। भारत के कई राज्यों जैसे हरियाणा, राजस्थान, यूपी, पंजाब, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल से भी इनके खिलाफ शिकायतें (Cyber Fraud) दर्ज हैं। पुलिस इस कम्पनी से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की भी तलाश कर रही है।
गिरफ्तार की गईं 10 महिला सदस्य (काल्पनिक नाम) = माला देवी (40), निवासी- फुलपुर, वाराणसी, सुनीता यादव (26), निवासी- लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी, सुनिधि श्रीवास्तव (22), निवासी- शिवपुर, वाराणसी, सादिया परवीन (27), निवासी- कैंट, वाराणसी, नाजिस खान (40), निवासी- शिवपुर, वाराणसी, महिमा सिंह (30), निवासी- लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी, नाजिया फातिमा (27), निवासी- शिवपुर, वाराणसी, नेहा श्रीवास्तव (26), निवासी- लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी, रूमा खान (31), निवासी- कैंट, वाराणसी, अर्चना शर्मा (38), निवासी- लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी। दर्ज मुकदमा: इन सभी के खिलाफ थाना कैंट में मु.अ.सं. 377/2026, बीएनएस (BNS) की धारा 3(5), 319(2), 318(4), 336(3), 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कॉल सेंटर से बरामद हुआ भारी सामान = पुलिस टीम ने मौके से ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों 27 मोबाइल फोन और 1 टैबलेट, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, और 5 डेबिट कार्ड, 4 बिल वाउचर, 3 क्यूआर कोड, और 1 पेमेंट साउंड बॉक्स, 2 रजिस्टर, रेंट एग्रीमेंट, उद्यम रजिस्ट्रेशन के कागजात, Shubhmatrimonial का रजिस्ट्रेशन फॉर्म का जखीरा बरामद किया है।
इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में साइबर क्राइम सेल और थाना कैंट पुलिस की अहम भूमिका रही। साइबर नोडल अपर पुलिस उपायुक्त नृपेंद्र, एसीपी साइबर अपराध और एसीपी कैंट के नेतृत्व में इस रेड को अंजाम दिया गया। साइबर सेल टीम: उ.नि. मनोज कुमार तिवारी (प्रभारी), उ.नि. कृष्ण कुमार जायसवाल, उ.नि. आलोक कुमार यादव, म.उ.नि. दिव्या भदौरिया, कांस्टेबल अंकित गुप्ता, विराट सिंह, रविश राय, और शनी यादव। थाना कैंट टीम: उ.नि. बलवन्त कुमार (चौकी प्रभारी अर्दली बाजार), उ.नि. सत्यम चौरसिया, म.उ.नि. आरती गौड़, म.का. सन्नौ शुक्ला, और म.का. अंजलि।
ऑपरेशन Cy-Vazra के तहत यह कार्रवाई साबित करती है कि वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। आम जनता से भी अपील है कि किसी भी अनजान मैट्रिमोनियल साइट या विज्ञापन पर पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें।



